[t4b-ticker]

प्यार ,इश्क, फिर चार बच्चों मां ने प्रेमी संग मिलकर कर दी अपने पति की हत्या

पति बात-बात पर उसे ताने देता। मारपीट करता। पति का दोस्त हमदर्दी जताता। दोनों में पहले गहरी दोस्ती हुई और फिर यही दोस्ती प्यार में बदल गई। इश्क के चक्कर में चार बच्चों की मां ने आगरा के फतेहाबाद में गांव श्रीकृष्ण का पुरा मौजा भरापुर में गला घोंटकर पति की हत्या कर दी। कोई उस पर शक नहीं करे इसलिए शव को प्रेमी के साथ मिलकर फंदे पर लटका दिया। पुलिस को सूचना दी कि पति ने खुदकुशी कर ली है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सारा राज खुल गया।

एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि 21 अगस्त की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि अतर सिंह ने खुदकुशी कर ली है। वह जूते-चप्पल का व्यापारी था। चार बच्चे हैं।

बड़ी बेटी 16 साल की है। पुलिस घर पर पहुंची। पत्नी ममता ने बताया कि रात को पति कमरे की कुंदी अंदर से बंद करके सो रहे थे। सुबह उसने आवाज दी तो अंदर से उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। वह घबरा गई। कुल्हाड़ी से प्रहार करके दरवाजा खोला। अंदर पति का शव फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दूसरी तरफ अतर सिंह के भतीजे अजीत ने चाचा की हत्या का शक जाहिर किया। चाची ममता और राजाखेड़ा निवासी ज्ञान सिंह को आरोपित किया। पोस्टमार्ट रिपोर्ट आते ही पुलिस का माथा ठनक गया। मामला हत्या का ही था। गला घोंटकर अतर सिंह की हत्या की गई थी।

छानबीन के दौरान पुलिस को हुआ शक
सीओ फतेहाबाद विकास जायसवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। छानबीन शुरू की। जिस कमरे के दरवाजे को ममता ने अंदर से बंद होना बताया था उसकी कुंडी पर मकड़ी का जाला लगा था। कुंडी पर धूल जमी थी। ऐसा लग रहा था जैसे किसी ने लंबे समय से कुंडी बंद नहीं की है। दरवाजे पर बाहर की तरफ कुल्हाड़ी के प्रहार के निशान थे। बाहर से धक्का देकर दरवाजा तोड़ा जाए तो अंदर कुंडी टेढ़ी हो जाती है। इस मामले में ऐसा कुछ नहीं था। पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लिया। उसने हकीकत बता दी।

सोते समय दबाया था गला
ममता ने पुलिस को बताया कि योजना के तहत 20 अगस्त की रात ज्ञान सिंह 11 बजे घर आया। चारों बच्चे गहरी नींद में सो रहे थे। पति भी सो रहा था। उसने और ज्ञान सिंह ने सोते समय पति को दबोच लिया। उसका गला दबा दिया। उसके बाद दोनों ने मिलकर शव को फंदे पर लटका दिया। ज्ञान सिंह वापस चला गया। उसने सुबह उठकर आत्महत्या का हल्ला मचाया। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को बुधवार को जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed